Madhya Pradesh: पुलिस की दबिश से हड़कंप,12 लाख की ऑनरेक्स कफ सिरप के साथ तस्कर गिरफ्तार
Madhya Pradesh : पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव तथा एसडीओपी चुरहट आशुतोष द्विवेदी के कुशल मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी (एसओएस) उपनिरीक्षक केदार परोहा के नेतृत्व में सेमरिया पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी कर रहे एक संदिग्ध को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की।थाना प्रभारी (एसओएस) सेमरिया को मुखबिर से सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो वाहन में भारी मात्रा में मादक कफ सिरप ले जाया जा रहा है।सूचना मिलने के तुरंत बाद, एक पुलिस दल का गठन किया गया और घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया।
1,180 शीशी ओनरेक्स कफ सिरप, एक वाहन और एक मोबाइल फोन सहित ₹12,52,770 मूल्य का प्रतिबंधित सामान जब्त किया गया।
पुलिस दल ने मिर्चवार के पास प्रारंभिक घेराबंदी के दौरान संदिग्ध को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग निकला। इसके बाद, तिलमंदरी हरिजन बस्ती गाँव के पास घेराबंदी की गई और आरोपी सूरज तिवारी, पुत्र चिंतामणि तिवारी, उम्र 28, निवासी जिला शहडोल को उसकी स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक MP18 T 3683 के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर थाने लाया गया। उसके विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8, 21, 22 और 29, औषधि नियंत्रण अधिनियम की धारा 5/13 और आईपीसी की धारा 238बी के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि मादक पदार्थ कहाँ से प्राप्त किया गया था और इसे कहाँ ले जाया जाना था।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक केदार परोहा, सहायक उपनिरीक्षक भूपेंद्र बागरी, प्रधान आरक्षक जगदीश सिंह, पंकज विश्वकर्मा, आरक्षक मनीष शुक्ला, विनीत सिंह, भूपेंद्र बागरी और प्रकाश सिंह बघेल का उल्लेखनीय योगदान रहा। यह कार्रवाई पुलिस प्रशासन के चिकित्सा दवाओं की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा युवाओं को नशीली दवाओं के दुरुपयोग के दुष्प्रभावों से बचाने के दृढ़ संकल्प को दर्शाती है।