Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के धार शहर में खेल का मैदान उस वक्त हिंसा का गवाह बन गया, जब क्रिकेट मैच के दौरान मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। एसपीडीए खेल मैदान पर युवकों के बीच टीम बदलने को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान एक युवक को करीब दस से अधिक युवकों ने घेर लिया और उस पर लात-घूंसे व बेल्ट से हमला किया। पीड़ित युवक खुद को बचाने के लिए मैदान में इधर-उधर भागता रहा, लेकिन हमलावर लगातार उस पर वार करते रहे।
पीड़ित युवराज मालवीय ने घटना के तीन दिन बाद कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि हमलावरों ने न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दस युवकों को आरोपी बनाया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।