Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के दतिया जिले से एक हादसे की दुखद खबर आई है। जानकारी के मुताबिक दतिया में सेना की फायरिंग रेंज में विस्फोट होने से एक नाबालिग युवक की मौत हो गई है। इसके साथ ही दो अन्य लोगों के घायल होने की भी खबर है। अधिकारियों ने बताया है कि स्थानीय अधिकारी और सेना के जवान स्थिति का आकलन करने के लिए मौके पर पहुंच गए हैं। इसके साथ ही आगे की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। जानकारी के मुताबिक दतिया जिले में शुक्रवार को सेना की फायरिंग रेंज में बारूद का एक टुकड़ा फट गया। पुलिस ने बताया है कि इस हादसे में 17 वर्षीय नाबालिग युवक की मौत हो गई है। वहीं दो अन्य नागरिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
अधिकारी के मुताबिक शुरुआती जांच में पता चला है कि पीड़ितों में से एक ने जमीन पर पड़ा बारूद का टुकड़ा उठा लिया था। इसी दौरान उसमें विस्फोट हो गया।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुनील कुमार शिवहरे ने इस घटना की जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया है कि घटना सुबह करीब नौ बजे जैतपुर गांव के पास हुई। यह इलाका दतिया शहर से 80 किलोमीटर दूर बसई थाने के अंतर्गत आता है। हादसे में घायलों को उत्तर प्रदेश के झांसी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक फायरिंग रेंज के आसपास के गांवों में रहने वाले लोग अक्सर गोला-बारूद इकट्ठा करके उसे कबाड़ में बेच देते हैं। इससे तांबा जैसी धातुएं मिलती हैं। हालांकि, यह काम भी काफी जोखिम भरा है। क्योंकि बिना फटे गोला-बारूद में विस्फोट हो सकता है। पुलिस ने बताया है कि मामले में आगे की जांच जारी है।