Jabalpur जबलपुर: जबलपुर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। सरकारी अस्पताल के खुले सेप्टिक टैंक में दो भाइयों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। खबरों के मुताबिक, गोहलपुर थाना क्षेत्र स्थित सरकारी अस्पताल परिसर में स्थित एक खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से दोनों मासूम भाइयों की मौत हो गई।मृतक बच्चों की उम्र 12 और 10 साल बताई जा रही है। खबरों के मुताबिक, त्रिमूर्ति नगर निवासी विनायक विश्वकर्मा और कान्हा विश्वकर्मा अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहे थे। तभी गेंद मनमोहन नगर स्थित सरकारी अस्पताल परिसर के अंदर चली गई। वे गेंद लेने गए।
छुट्टी का दिन था और अस्पताल में ताला लगा हुआ था। बच्चे अंदर जाने के लिए बाउंड्री वॉल फांदकर अंदर गए, लेकिन झाड़ियों के बीच सेप्टिक टैंक खुला था, जिसे वे देख नहीं पाए और उसमें गिर गए। दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से हड़कंप मच गया। परिजनों और स्थानीय निवासियों ने अस्पताल प्रशासन की लापरवाही की कड़ी निंदा की है। गोहलपुर थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र का माहौल गमगीन है।