Jabalpur: भाजपा अध्यक्ष शिव पटेल की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Update: 2024-04-28 06:12 GMT
जबलपुर : भाजपा नेता व पूर्व ग्रामीण भाजपा अध्यक्ष शिव पटेल की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। एक साल पूर्व उनके जवान बेटे की नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई थी। पुलिस ने सूचना मिलने पर शव को पंचनामा कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण को विवेचना में लिया है।
 जानकारी के अनुसार भाजपा नेता व पूर्व भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष शिव पटेल की पत्नी कबिता पटेल (55) निवासी अंध मुख बायपास की संदिग्ध परिस्थितियों में उपचार के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई। भाजपा नेता शिव पटेल के इकलौते पुत्र अतुल पटेल (24) की गत वर्ष मई में नर्मदा नदी के तिलवारा घाट में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई थी। युवक परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी मौत की मां कविता को गहरा सदमा लगा था। इस घटना से महिला को मानसिक आघात भी पहुंचा था।
संजीवनी नगर थाना प्रभारी रमेश कुमार नर्रे के अनुसार मेडिकल कॉलेज अस्पताल से कविता पति शिव पटेल की मौत होने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण को विवेचना में लिया है। शव को पंचनामा कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
जहरीली वस्तु के सेवन की आशंका
सूत्रों के अनुसार महिला ने किसी जहरीली वस्तु का सेवन कर लिया था। जिसके कारण उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था। मृत्यु के कारण की अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।
Tags:    

Similar News