भोपाल: मध्य प्रदेश की इंदौर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चार अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अस्पताल में डॉक्टर का अपॉइंटमेंट दिलाने के नाम पर ठगी की गई एक लाख रुपये की पूरी रकम पीड़िता को वापस दिलाई। वहीं, म्यूल बैंक खातों के जरिए चल रहे अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, इंदौर की एक महिला ने सीएचएल अस्पताल में डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के लिए गूगल पर संपर्क नंबर खोजा था। इस दौरान साइबर ठग ने खुद को अस्पताल से जुड़ा कर्मचारी बताकर महिला को विश्वास में लिया और अपॉइंटमेंट बुकिंग के नाम पर फर्जी लिंक भेज दिया। लिंक पर प्रक्रिया पूरी करते ही महिला के खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए गए।

महिला की शिकायत पर क्राइम ब्रांच की साइबर फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन टीम ने कार्रवाई की। न्यायालय के आदेश के बाद ठगी की पूरी राशि पीड़िता को वापस दिलाई गई।

10 हजार रुपये के लालच में बैंक खाते का इस्तेमाल

ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत पुलिस ने म्यूल बैंक खातों के नेटवर्क का भी खुलासा किया। जांच में सामने आया कि इंदौर निवासी अंशु ने 10 हजार रुपये के लालच में अपना बैंक खाता रतलाम निवासी पप्पू उर्फ पंकज मीणा (28) को सौंप दिया था।

आरोप है कि मुख्य आरोपी इसी तरह दूसरे लोगों को भी पैसे का लालच देकर उनके बैंक खाते हासिल करता था और साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल करता था। संबंधित खाते के खिलाफ तमिलनाडु के कल्लाकुरिची और तेलंगाना के मलकाजगिरी में भी साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें मिली हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म को दिया बैंक खाता

एक अन्य कार्रवाई में लसूड़िया पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म को म्यूल बैंक खाता उपलब्ध कराने के आरोप में मंदसौर निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से बैंक ऑफ इंडिया के करंट अकाउंट की चेकबुक और एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। जांच में सामने आया कि खाता किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर था, लेकिन उसका संचालन आरोपी कर रहा था।

दिल्ली की 5.50 लाख की ठगी के चार आरोपी गिरफ्तार

इंदौर पुलिस ने दिल्ली में 5.50 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में फरार चार आरोपियों को भी गिरफ्तार कराया। दिल्ली पुलिस और इंदौर के लसूड़िया थाने की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा। बाद में चारों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अस्पतालों और अन्य संस्थानों के संपर्क नंबर आधिकारिक वेबसाइट से ही सत्यापित करें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना बैंक खाता किसी दूसरे व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

Tags: