इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में दिल्ली पुलिस और लसूड़िया पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 55 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में वांछित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को लसूड़िया थाना क्षेत्र के वीना नगर इलाके से पकड़ा गया है। मामले में मुख्य आरोपी को दिल्ली पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इंदौर जोन-2 के डीसीपी अमन सिंह राठौर ने बताया कि दिल्ली में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के मामले में चार आरोपी फरार चल रहे थे। आरोपियों की तलाश में दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम साइबर पुलिस थाने की टीम ने लसूड़िया पुलिस से संपर्क कर सहयोग मांगा था।
दिल्ली पुलिस के उपनिरीक्षक चेतन राणा ने संदिग्धों की लोकेशन की जानकारी साझा की। इसके आधार पर दोनों राज्यों की पुलिस ने संयुक्त टीम गठित कर वीना नगर इलाके में छापेमारी की और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी इलाके में रहकर साइबर धोखाधड़ी में शामिल संदिग्ध गिरोह के अन्य सदस्यों के संपर्क में थे। आरोप है कि गिरोह ऑनलाइन धोखाधड़ी से प्राप्त रकम के लेनदेन के लिए विभिन्न बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करता था।
जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के कुछ सदस्यों के पुणे और अहमदाबाद से सक्रिय होने की जानकारी भी मिली है। इन संदिग्धों की तलाश की जा रही है। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। इसके अलावा गिरोह द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
चारों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाया जाएगा, जहां उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। दिल्ली पुलिस आगे की पूछताछ के लिए आरोपियों की हिरासत मांग सकती है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और साइबर धोखाधड़ी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।
Tags: