Indore: शहर में चाइनीज मांझा की एक और घटना सामने आई है। शुक्रवार को एक हार्डवेयर व्यापारी की गर्दन कट गई। हादसा छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में हुआ है। छत्रीपुरा प्रतिबंधित जानलेवा डोर सप्लाई का प्रमुख अड्डा बना हुआ है। पतंग दुकान संचालक धड़ल्ले से मांझा की सप्लाई कर रहे है। व्यापारी की हालत में सुधार है।घटना शुक्रवार शाम बियाबानी स्थित पोस्ट आफिस के समीप की है। अम्मारनगर निवासी हुसैन भाई की गर्दन में डोर उलझ गई।
हुसैन बाइक से काम से जा रहे थे। हालांकि डोर उलझते ही हुसैन भाई ने बाइक रोक ली। लेकिन जब तक गर्दन में कट लग गया। उनके परिचित हुजैफा भाई घायल अवस्था में जूनी इंदौर स्थित निजी अस्पताल ले गए। प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया। छत्रीपुरा टीआई संजीव श्रीवास्तव ने घटना से इनकार करते हुए कहा उन्हें सूचना नहीं मिली। संभवत: घायल को स्वजन उपचार के बाद घर ले गए।