Jabalpur जबलपुर: शाहपुरा और भिटोनी तहसील के आसपास के गांवों की सैकड़ों महिलाओं ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने स्थानीय पुलिस थाने पहुंचकर अपने इलाकों में अवैध शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। महिलाओं का कहना था कि उनके गांवों में अवैध शराब की खुलेआम बिक्री से न सिर्फ सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है बल्कि घर-परिवार भी बर्बाद हो रहे हैं। कई लोगों की कमाई शराब की लत में खत्म हो रही है और घरेलू हिंसा के मामले बढ़ रहे हैं। 

प्रदर्शन के दौरान महिलाएं नारे लगाते हुए पुलिस अधिकारियों से मिलने पहुंचीं और लिखित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि शराब माफिया खुलेआम कारोबार कर रहे हैं और प्रशासन की लापरवाही से स्थिति गंभीर होती जा रही है। इस दौरान एसडीओपी एस. दावर मौके पर पहुंचे और महिलाओं को आश्वासन दिया कि पुलिस अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमों को गांव-गांव भेजा जाएगा और जहां भी शराब बिक्री की सूचना मिलेगी, तुरंत छापा मारा जाएगा। 

एसडीओपी ने कहा, “अवैध शराब बेचने वालों पर एफआईआर दर्ज की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस जनता के साथ है, और गांवों को नशा मुक्त बनाने का अभियान चलाया जाएगा। महिलाओं ने कहा कि अगर प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता, तो वे आगे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगी। प्रदर्शन में कई सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी समूहों ने भी समर्थन दिया। जबलपुर पुलिस अब इलाके में निगरानी बढ़ाने और शराब कारोबार पर नकेल कसने के लिए विशेष टीमों का गठन करने की तैयारी में है।
Tags: