Gwalior News: अपहरण के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, दूसरे फरार बदमाश की तलाश में पुलिस
Gwalior News: ग्वालियर में छह साल के मासूम शिवाय के अपहरण में शामिल छठे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब सिर्फ एक आरोपी फरार है। पकड़ा गया बदमाश मुरैना और ग्वालियर दोनों अपहरण कांडों में शामिल था। दरअसल, मुरार थाना पुलिस को सूचना मिली कि 13 फरवरी को सीपी कॉलोनी से अपहृत शिवाय अपहरण कांड में शामिल धम्मू उर्फ धर्मवीर मुरार क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही मुरार पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के लिए पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें जुट गई हैं।
इससे पहले मुरैना पुलिस ने माता बसैया क्षेत्र में शार्ट एनकाउंटर के जरिए राहुल गुर्जर और बंटी को पकड़ा था। इसके बाद ग्वालियर पुलिस ने घटना के मास्टरमाइंड भूरा और मोनू को गिरफ्तार किया था। बता दें, भोला गुर्जर को भी तिघरा क्षेत्र में शार्ट एनकाउंटर के दौरान पकड़ लिया गया था। अब धम्मू की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में सिर्फ एक आरोपी राहुल कंसाना की गिरफ्तारी बाकी है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार मुरैना और अन्य जिलों में दबिश दे रही हैं।