Gwalior : डेंगू से चार लोगों की मौत, बढ़ते मरीजों के आंकड़े

Update: 2024-09-28 12:29 GMT
Gwalior ग्वालियर: ग्वालियर में डेंगू का डंक बड़ा होता जा रहा है। पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगभग 700 के करीब पहुंच गई है। हैरानी की बात तो यह है कि डेंगू के कुल मरीजों में लगभग 30 प्रतिशत बच्चे डेंगू से पीड़ित हो गए हैं। शहर में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है और एक बच्चे ने दम तोड़ दिया।डेंगू की भर्ती रफ्तार को देखते हुए अब स्वास्थ्य विभाग की सांस फूलने लगी है।
मध्यप्रदेश के ग्वालियर से डेंगू के बढ़ते मरीजों के आंकड़े हैरान कर देने वाले हैं। हर दो किलोमीटर पर डेंगू का हॉट-स्पॉट बनता जा रहा है। ग्वालियर शहर के कई इलाके ऐसे हैं, जहां से बड़ी संख्या में डेंगू लोगों पर कहर ढा रहा है। अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें एक 11 साल के बच्चे की जान चली गई।
जिस रफ्तार से ग्वालियर में डेंगू बढ़ रहा है, उसे लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधि भी चिंता में पड़ गए हैं। सांसद भारत सिंह कुशवाह का कहना है कि प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग को डेंगू कंट्रोल करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। जबकि स्वास्थ्य विभाग भी अपने दावे कर रहा है। पिछले एक हफ्ते में डेंगू ने जिस तरह से रफ्तार पकड़ी है, उसके बाद स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम के कर्मचारियों को सड़क पर उतरना पड़ा। कोई फागिंग करते नजर आ रहा है तो कोई लोगों को समझाइश दे रहा है, लेकिन प्रशासन के ये काम नाकाम होते दिख रहे हैं।
बात केवल डेंगू तक नहीं है, मलेरिया और चिकनगुनिया भी लोगों पर हावी हो रहा है। प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग चिंता में पड़ गया है। ग्वालियर कलेक्टर, निगम कमिश्नर और सीएमएचओ ने डेंगू कंट्रोल के लिए अलग-अलग टीम में तैनात कर दी है। ग्वालियर के तीन बड़े अस्पताल जयारोग्य, सिविल अस्पताल, हजीरा और जिला अस्पताल मुरार में डेंगू के मरीजों के इंतजामों के लिए अलग से वार्ड बना दिए गए हैं। डॉक्टरों ने एडवाइजरी का पालन करने के लिए लोगों से आग्रह किया है।
Tags:    

Similar News

-->