MP में 5 रुपये में मिलेगा भोजन, इतने मेडिकल कॉलेज को भी मिली मंजूरी

Update: 2023-06-28 17:39 GMT

भोपाल |  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में जिला स्तर पर अधिकारी कर्मचारियों के तबादले अब 7 जुलाई तक करने की अनुमति दी गई। पहले यह अवधि 30 जून तक निर्धारित की गई थी। बैठक में लाडली बहना सेना के गठन के बारे में चर्चा की गई। यह कार्य 15 जुलाई से 15 अगस्त तक किया जाएगा।

10 जुलाई से लाडली बहना कार्यक्रम फिर से शुरू होगा, जिसमें 21 साल की महिलाओं को योजना में शामिल किया जाएगा। जुलाई के पहले सप्ताह में मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के अंतर्गत कई कार्यक्रम शामिल किए जाएंगे।

गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि नगर निगम के साथ नगरपालिका स्तर तक दीनदयाल रसोई योजना संचालित की जाएगी। इसमें खाना खाने वालों से 10 रुपए के स्थान पर 5 रुपए ही लिए जाएंगे।

वहीं, इस कैबिनेट बैठक के दौरान और भी कई अहम फैसले लिए गए हैं। खरगोन, धार, भिंड, बालाघाट, टीकमगढ़ और सीधी जिले में नवीन चिकित्सा महाविद्यालय खोलने का भी फैसला किया गया है।

प्रत्येक महाविद्यालय में 100-100 सीट MBBS की शामिल रहेंगी। इन कॉलेजों के खुलने के बाद प्रदेश में इन कॉलेजों के खुलने के बाद प्रदेश में 30 मेडिकल कॉलेज हो जाएंगे।

भाजपा की सरकार आने से पहले प्रदेश में कुल 5 मेडिकल कॉलेज हुआ करते थे। कैबिनेट बैठक में यह भी तय किया गया है कि प्राइस सपोर्ट स्कीम के अंतर्गत ग्रीष्मकालीन मूंग और उड़द की जो खरीद हुई है, उस पर मंडी शुल्क और निराश्रित शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह प्रति 100 रुपए की खरीदी पर एक रुपए 70 पैसे शुल्क लगता है।

कैबिनेट बैठक में कृषि और घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को सस्ती बिजली देने के लिए विद्युत वितरण कंपनियों को 24 हजार करोड़ रुपये का अनुदान देने का निर्णय लिया गया है। साल 2023-24 के लिए विद्युत नियामक आयोग द्वारा निर्धारित की गई दर से कम पर सरकार उपभोक्ताओं को बिजली उपलब्ध कराती है। इस अंतर की राशि को अनुदान के रूप में विद्युत वितरण कंपनियों को दिया जाएगा। इसमें 18 हजार करोड़ रुपए का अनुदान किसानों को सस्ती दर पर दी जाने वाली बिजली के लिए भी है।

कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के चौथे चरण के लिए नगरीय निकायों को 1700 करोड़ रुपए उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। साथ ही सीप कॉम्प्लेक्स सिंचाई परियोजना के दूसरे चरण के लिए 190 करोड़ और 33 CM राइज स्कूल बनाने के लिए राशि स्वीकृत दी गई है। वहीं, भोज वेटलैंड की भूमि पर्यावरण वानिकी मंडल भोपाल को हस्तांतरित करने का भी फैसला किया गया है।

CM शिवराज ने कैबिनेट बैठक में केले की फसल को प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान पर आर्थिक सहायता देने के नियमों में संशोधन का फैसला किया है। अब किसानों को 50 प्रतिशत से अधिक क्षति होने पर एक लाख रुपए के स्थान पर दो लाख की सहायता प्रदान की जाएगी।

वहीं, 33 से 50 प्रतिशत तक नुकसान होने पर 27 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर के स्थान पर 54 हजार और 25 से 33 प्रतिशत तक क्षति होने पर 15 हजार रुपए के स्थान पर 30 हजार रुपए की राहत राशि दी जाएगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कैबिनेट बैठक से पहले मंत्रियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जल पुरस्कार मध्य प्रदेश को मिलना बहुत बड़ी उपलब्धि है। कई चीजों में हम नंबर एक हैं। पहले हमने स्वच्छता के क्षेत्र में पुरस्कार लिया और अब मध्य प्रदेश को राष्ट्रीय जल पुरस्कार मिला है। हम पहले स्थान पर आए हैं। बढ़ती हुई सिंचाई की क्षमता, पानी की एक बूंद का हम बेहतर उपयोग कैसे कर सकते हैं, हम इसके प्रयास कर रहे हैं। हम कैनाल इरीगेशन के साथ प्रेसराइज्ड पाइप से सिंचाई की परियोजना बनाएंगे क्योंकि उतने ही पानी में लगभग पौने दोगुना सिंचाई हो जाती है।

Tags:    

Similar News

-->