जेई और ठेकेदार के खिलाफ मजदूर की मौत के मामले में एफआईआर दर्ज हुआ

Update: 2022-03-08 13:35 GMT

जबलपुर क्राइम न्यूज़: विद्युत मंडल के जूनियर इंजीनियर अर्जुन साहू और ठेकेदार नितिन कुमार नेमा के विरुद्ध पुलिस ने एफआइआर दर्ज की है। विद्युत करंट लगने से एक मजदूर की मौत के मामले में यह कार्रवाई की गई है। सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि नई बस्ती सुभाष नगर मानेगांव रांझी निवासी प्रकाश पासी 28 वर्ष तथा राजकुमार पंथी विद्युत मंडल में बतौर ठेका श्रमिक काम कर रहे थे। विनोवा भावे सब स्टेशन में विद्युत सुधार का ठेका ठेकेदार नितिन कुमार नेमा ने लिया था। पांच मार्च को सुबह करीब 8.20 बजे सुधार कार्य के दौरान दोनों मजूदरों को बिजली का करंट लग गया था। जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां प्रकाश पासी की मौत हो गई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया था।

पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल राजकुमार पंथी ने मरणासन्न कथन में घटना की जानकारी दी थी। उसने बताया कि घटना की सुबह उसे फोन पर सूचना दी गई थी कि गोराबाजार में विनोवा भावे सब स्टेशन में बिजली का काम करने जाना है। जिसके बाद वह अन्य मजदूरों हर्ष कश्यप, रवि बर्मन, अमन यादव, संजय यादव, प्रकाश पासी के साथ सब स्टेशन पहुंचा। सभी मजदूर बिजली के खंभों पर चढ़कर सिल्वर पेंट का काम करने लगे। उसी दौरान बिजली का करंट लगने से वह तथा प्रकाश पासी झुलस गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Tags:    

Similar News

-->