Chhindwara News : चौरई के सांख वन परिक्षेत्र में सोमवार देर शाम एक बाघिन ने चरवाहे पर हमला कर दिया। बाघिन के हमले से डरकर चरवाहा पेड़ पर चढ़ गया। जानकारी मिलने के बाद वन अमले ने उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए अस्पताल ले गए। चरवाहे के मुताबिक बाघिन के साथ दो शावक भी हैं। वन अमला अब मौके पर जांच में जुटा है। जानकारी के मुताबिक चौरई के सांख गांव में राजस्व क्षेत्र के ओडानाला में सांख निवासी श्रीराम पुत्र पचकोड़ी बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान ओड़ा नाला के पास से आ रही बाघिन ने श्रीराम पुत्र पचकोड़ी उइके पर हमला कर दिया।
चरवाहा डर के मारे पेड़ पर चढ़ गया और वन अमले को फोन पर सूचना दी। बाद में वन अमला जाकर चरवाहे को नीचे ले आया। चरवाहे ने बताया कि मौके पर बाघिन के साथ दो शावक भी थे। परिक्षेत्र सहायक सांख आरपी उइके, राजाबाबू रघुवंशी, महंत रघुवंशी, महेश सनोडिया ने रेस्क्यू कार्य किया। बताया जा रहा है कि बाघ की बढ़ती चहलकदमी के कारण लोगों की परेशानी भी बढ़ती जा रही है। ऐसे में अब वन विभाग की ओर से बाघ की चहलकदमी पर नजर रखी जा रही है। बाघ की बढ़ती चहलकदमी के कारण किसान भी इस दौरान खेतों में जाने से बचने लगे हैं, फिलहाल यहां दहशत का माहौल है।