Chhindwara छिंदवाड़ा: शहर के सबसे व्यस्त बुधवारी बाजार क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात भीषण आगजनी से अफरा-तफरी मच गई। बाजार स्थित भारत रुई भंडार में देर रात करीब 12.30 बजे अचानक आग भड़क उठी। दुकान में बड़ी मात्रा में रखी रुई और अन्य ज्वलनशील सामग्री ने आग को तेजी से फैलाया, जिससे कुछ ही देर में पूरा प्रतिष्ठान लपटों में घिर गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों का सामान जलकर खाक हो गया।
सूचना मिलते ही नगर निगम की तीन फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की तीव्रता के कारण काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में आसपास के क्षेत्रों से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लगातार पानी की बौछार के बावजूद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। नागरिकों ने शहर की अग्निशमन व्यवस्था और संसाधनों की पर्याप्तता पर सवाल उठाए। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। प्रशासन ने जांच के निर्देश दिए हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना ने एक बार फिर शहर के भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा प्रबंधन की तैयारियों पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।