देवर ने की ख़ुदकुशी, भाभी ने लगाए थे कई संगीन आरोप

Update: 2022-05-14 12:07 GMT

भोपाल। राजधानी भोपाल के कमला नगर थाने के हवालात में शनिवार सुबह एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोपी को पुलिस ने उसकी भाभी से छेड़छाड़ की शिकायत पर शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। फिलहाल मामले की मजिस्ट्रियल जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय गोलू उर्फ छोटू सारथी अपनी विधवा भाभी के साथ सबरी नगर में रहता था। गोलू की भाभी ने उसके खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने उसे शुक्रवार रात को गिरफ्तार किया था।
सुबह करीब 5.30 बजे संतरी ने गोलू को फांसी पर लटका देखा और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। गोलू ने हवालत में बिछाने के कंबल को फाड़कर लोहे की सलाख से बांधा और फांसी लगा ली। घटना की सूचना के बाद जांच के लिए एसडीएम और वरिष्ठ अधिकारी थाने पहुंचे।
पूरी घटना की जांच की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने थाने के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें फांसी पर लटकने से पहले मृतक शांत बैठा दिखाई दे रहा है। इस मामले में यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
दो महीने पहले ही जेल से छूटा था गोलू
आरोपी गोलू के भाई की 8 महीने पहले ही मौत हो चुकी है। वह अपनी भाभी के साथ रहता था। उस पर मारपीट और अड़ीबाजी के पहले से दो मुकदमे भी दर्ज है। वह दो महीने पहले ही जेल से छूट कर आया था।

Similar News