Bihar बिहार: भोजपुर जिले के दानापुर-पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में इंटरमीडिएट के छात्र की मौत हो गई। घटना आरा रेलवे स्टेशन के पास जगदेव नगर इलाके की है, जहाँ कोचिंग से लौट रहा एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। मृतक की पहचान बहोरनपुर थाना क्षेत्र के बहोरनपुर गाँव निवासी अनिल राय के पुत्र हिमांशु कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, हिमांशु महाराजा हाता स्थित एक कोचिंग संस्थान में पढ़ता था। शुक्रवार को, रोज़ की तरह, वह कोचिंग खत्म करके जगदेव नगर स्थित अपने किराए के मकान पर लौट रहा था। रेलवे लाइन पार करते समय अचानक एक गुजरती ट्रेन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस छात्र को आरा सदर अस्पताल ले गई, जहाँ दोपहर करीब 1 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जाँच शुरू कर दी।