पूर्व सीएम कमलनाथ को लेकर बड़ी खबर

Update: 2022-04-27 09:13 GMT

भोपाल: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पूर्व केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री कमलनाथ की विधायकी पर खतरा मंडरा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने न्यूज़ वेबसाइट लाइव हिंदुस्तान से चर्चा में कहा है कि उन्हें कमलनाथ के खिलाफ भाजपा की ओर से दो शिकायतें मिली हैं जिन्हें संज्ञान में ले लिया गया है। शिकायतों की जांच के बाद जल्द ही फैसला लिया जाएगा।

दरअसल मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने एक साक्षात्कार में कहा था कि वह विधानसभा में सदन की कार्यवाही में भाजपा की बकवास सुनने नहीं जाते हैं क्योंकि उन्हें दो घंटे तक लोगों से रोजाना मिलना होता है। कमलनाथ की इस टिप्पणी पर भाजपा ने हमले करते हुए उनके बर्ताव को विधानसभा की अवमानना बताया है और विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम को शिकायत दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद वीडी शर्मा के अलावा भाजपा विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया ने विधानसभा अध्यक्ष से मांग की है कि कमलनाथ की विधानसभा सदस्यता को तत्काल समाप्त किया जाए।
विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने लाइव हिंदुस्तान से चर्चा में कहा है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक की शिकायतों पर संज्ञान ले लिया गया है। शिकायतों की जांच की जा रही है। कमलनाथ के बयान के वीडियो और अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। विधानसभा के बाहर का बयान होने की परिस्थितियों में क्या कार्रवाई हो सकती है, इसका भी परीक्षण कराया जा रहा है।
पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने ट्वीट के माध्यम से विधानसभा अध्यक्ष गौतम से क्षमा मांगते हुए मीडिया के साथ संवैधानिक गतिविधियों को साझा किए जाने को पद की गरिमा के अनुकूल नहीं बताया है। पटवारी ने स्पीकर पद को सत्तापक्ष का नहीं, निष्पक्ष बताया है।
साभार: लाइव हिंदुस्तान
Tags:    

Similar News

-->