Bhopal: मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों में बारिश की संभावना

Update: 2026-02-16 05:25 GMT

भोपाल: मध्‍य प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 18 और 19 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग के साथ उज्जैन संभाग के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी हुई है। इसका असर मध्य प्रदेश में हल्के बादलों के रूप में देखा गया। 16 फरवरी से एक नया सिस्टम उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिसका असर मध्‍य प्रदेश पर भी पड़ेगा। फिलहाल प्रदेश में हल्की सर्दी बनी रहेगी। रात और सुबह ठंड का एहसास रहेगा। अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर रहेगा, जबकि दिन में तापमान 30 डिग्री के पार जा सकता है। मौसम विभाग ने 18 और 19 फरवरी को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और नीमच जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजधानी भोपाल और इंदौर में बादल छाए रहने की संभावना है।

रविवार को प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। खंडवा और खरगोन में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इसके अलावा दतिया, धार, गुना, ग्वालियर, इंदौर, रायसेन, रतलाम, उज्जैन, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, सागर, सतना और उमरिया में तापमान 30 डिग्री या उससे अधिक रहा। रविवार की रात कटनी जिले का करौंदी क्षेत्र सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी में 9.2 डिग्री, कल्याणपुर में 9.4 डिग्री और रीवा में 9.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।

पांच बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री, ग्वालियर में 11.7 डिग्री, भोपाल में 13 डिग्री, उज्जैन में 13.5 डिग्री और जबलपुर में 14.3 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 16 फरवरी को दिन में गर्मी का असर बढ़ेगा, रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। जबकि 17 फरवरी को कुछ जिलों में सुबह हल्का कोहरा रह सकता है।

Tags:    

Similar News