Madhya Pradesh मध्य प्रदेश : बेहतर पुलिसिंग, महिला सुरक्षा और अपराध के ग्राफ को कम करने पर जोर देते हुए डीजीपी कैलाश मकवाना ने मंगलवार को भोपाल, राजगढ़, विदिशा और सीहोर के आला पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित बैठक में पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्रा, आईजी भोपाल (ग्रामीण) अभय सिंह, डीसीपी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए। डीजीपी ने जिले और जोनवार अपराध की घटनाओं, पिछले वर्षों के लंबित मामलों और सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त मामलों के निराकरण की समीक्षा की। डीजीपी ने शिकायतों और लंबित अपराधों के मामलों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर जोर दिया और अधीनस्थों को बेहतर सामुदायिक पुलिसिंग के लिए महिला सुरक्षा, आम लोगों के साथ समन्वय को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।