भोपाल। रातीबड़ थाना इलाके में 30 अप्रैल को अनीता पटेल नाम की महिला ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली थी। उसके दो बच्चे हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि अनीता को उसका पति और सास जमकर प्रताडि़त करते थे। आए दिन उसे घर से निकालने की धमकी भी दी जाती थी। अनीता के स्वजन के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने शनिवार को उसके पति और सास के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया। हालांकि अभी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
रातीबड़ थाना पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय अनीता पत्नी सुनील पटेल ग्राम बरखेड़ा नाथू में अपने ससुराल में रहती थी। उसका मायका ग्राम बगरोदा में है। महिला ने घर में रखा जहर पी लिया था। गंभीर हालत में उसे शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान 30 अप्रैल को उसकी मौत हो गई थी। मौत से पहले अस्पताल में भर्ती अनीता बयान देने की स्थिति में नही थी। मर्ग जांच में मायके वालों के बयान लिए गए।
मृतका के भाई और मां ने बताया कि जहर पीने के दो दिन पहले अनीता ने पिता के फोन पर बताया था कि उसकी सास सगुन बाई आए दिन प्रताडि़त करती है, पति से विवाद होता है। दोनों मिलकर भी कभी-कभी मारपीट करते हैं। सास उसकी झूठी शिकायत कर पति से पिटवाती है। अब तो हद हो गई। मैं दो बच्चों को लेकर पूरा दिन घर व खेत पर काम करती हूं।
जबकि मेरी सास सगुन बाई मुझे घर से निकालने की धमकी देती है। इतना ही नहीं वह मेरे पति व अपने बेटे सुनील की दूसरी शादी की तैयारी कर रही है। सास कहती है कि तू घर छोड़कर चली जा, मैं अपने बेटे की दूसरी शादी करा दूंगी। थाना प्रभारी ने सुधेश तिवारी ने बताया कि मायके वालों के बयान और मर्ग जांच के बाद पति और सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज कर लिया है।