PM Awas Yojana में संतोषजनक प्रगति नही होने पर एक आवास कलस्टर प्रभारी निलंबित
रायसेन। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर अरूण विश्वकर्मा द्वारा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यो तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2024-25 की किस्तवार और आवास निर्माण प्रगति की कलस्टरवार और जनपदवार समीक्षा करते हुए औबेदुल्लागंज जनपद क्षेत्र अंतर्गत प्रगति संतोषजनक नहीं होने पर एडीईओ को निलंबित कर दिया है , सिलवानी क्षेत्र के चार एडीईओ को नोटिस जारी किया है।
बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2024-25, प्रधानमंत्री आवास योजना समग्र सीडिंग की जानकारी, स्वच्छ भारत मिशन, सामुदायिक स्वच्छता परिसर की निर्माण की जानकारी, नवीन पंचायत भवन, अटल ग्राम सेवा सदन, आंगनबाड़ी भवन, शौचालय निर्माण की प्रगति, मनरेगा के एक बगिया मां के नाम परियोजना की हितग्राहीबार समीक्षा करने के साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान के द्वारा किए गए कार्यों की सीसी की प्रगति की भी जानकारी ली।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने प्रधानमंत्री आवास में जनपद पंचायत औबेदुल्लागंज में आवास प्रभारी ब्लॉक समन्वयक के कार्य प्रगति निम्न होने के कारण सात दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए। इसी प्रकार औबेदुल्लागंज आवास क्लस्टर प्रभारी चिकलोद, उमरावगंज बगासपुर की एक-एक वेतन वृद्धि रोकने के नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। एक माह में कार्य में प्रगति न होने पर वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सिलवानी में आवास प्रभारी की सात दिवस का वेतन रोकने एवं क्लस्टर प्रभारी प्रतापगढ़ की प्रगति कम होने के कारण निलंबन की कार्रवाई की गई। सियरमऊ आवास क्लस्टर प्रभारी की प्रगति निम्न होने के कारण आवास क्लस्टर प्रभारी को भी नोटिस जारी किया गया। जनपद पंचायत उदयपुरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की योजनाओं में प्रगति कम होने के कारण एक वेतन वृद्धि रोकने का नोटिस जारी किया गया, तो वही केलकच्छ ग्राम पंचायत में निर्माण कार्यों में की गई लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त कर निर्माण कार्यों की जांच के निर्देश जारी किए गए।