ट्रैक्टर शोरूम संचालक हत्याकांड में 7 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस
ट्रैक्टर शोरूम संचालक हत्याकांड में 7 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस
उज्जैन : उज्जैन के माधव नगर थाना क्षेत्र के दमदमा इलाके में मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सड़क पर खड़े युवकों को साइड में होने के लिए कहना एक ट्रैक्टर शोरूम संचालक की जिंदगी पर भारी पड़ गया। बदमाशों ने व्यापारी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ऋषिनगर निवासी 27 वर्षीय यश मित्तल के रूप में हुई है। यश आगर रोड मंडी में ट्रैक्टर शोरूम का संचालन करते थे और परिवार के साथ ऋषिनगर एक्सटेंशन में रहते थे।
दोस्तों को छोड़ने निकले थे यश
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार-शुक्रवार की रात करीब 2 बजे यश अपने दोस्तों को कार से उनके फ्लैट पर छोड़ने जा रहे थे। उनके साथ पांच दोस्त भी मौजूद थे। जब उनकी कार दमदमा मोड़ के पास पहुंची तो सड़क पर बाइक खड़ी कर कुछ युवक खड़े हुए थे। यश ने हॉर्न बजाकर युवकों से रास्ता देने के लिए कहा। इसी बात को लेकर युवकों ने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि युवकों ने पहले गाली-गलौज की और फिर कार के शीशे तोड़कर यश और उनके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी। SHO गजेंद्र पचोरिया ने बताया, "दमदमा क्षेत्र में एक व्यवसायी की हत्या हुई थी। मामले में चार लोगों को पहले ही गिरफ़्तार कर लिया गया था, आज तीन अन्य आरोपियों को गिरफ़्तार करके कोर्ट में पेश किया जा रहा है।"
देखें वीडियो :
चाकू से हमला कर उतारा मौत के घाट
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने यश को पकड़कर उसके पेट में चाकू मार दिया। हमले के बाद उसके दोस्त घबरा गए और किसी तरह वहां से निकलकर माधव नगर थाने पहुंचे। दोस्तों ने पुलिस को बताया कि उनका दोस्त घटनास्थल पर फंस गया है, अगर जल्द मदद नहीं मिली तो उसकी जान जा सकती है। इसके बाद पुलिस टीम दोस्तों के साथ मौके पर पहुंची, लेकिन वहां न तो आरोपी मिले और न ही यश का कोई पता चला।
पुलिस और दोस्त करीब तीन घंटे तक यश की तलाश करते रहे। सुबह करीब 5 बजे जिला पंचायत के बाहर एक फोटोकॉपी दुकान के पीछे यश लहूलुहान हालत में मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
7 आरोपी गिरफ्तार
व्यापारी हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 7 आरोपियों को चिन्हित किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जिन्हें न्यायालय से दो दिन की पुलिस रिमांड मिली है। वहीं, बाकी तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के पूरे घटनाक्रम और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
आरोपियों का निकाला गया जुलूस
न्यायालय में पेश करने से पहले पुलिस आरोपियों को घटना स्थल पर लेकर पहुंची। इस दौरान आरोपी कथित तौर पर हेकड़ी दिखाने लगे, जिससे वहां मौजूद लोगों में नाराजगी देखने को मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को पैदल घटनास्थल से ले जाते हुए लाठियां बरसाईं। करीब आधा किलोमीटर तक आरोपियों को पैदल चलाया गया। इस दौरान आरोपी माफी मांगते नजर आए।
इलाके में तनाव का माहौल
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामूली सड़क विवाद में हुई इस हत्या ने एक बार फिर कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराध को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब पूरे मामले में साक्ष्य जुटाने में लगी है।