30% मतदाता नहीं कराना चाहते आधार से लिंक, जानिए कारण

Update: 2022-11-02 07:23 GMT

सिटी न्यूज़: चुनाव के दौरान फर्जीवाड़े को लेकर खासा बवाल होता है। राजनीतिक दल हमेशा एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हैं लेकिन निर्वाचन आयोग लगातार प्रयास कर रहा है कि चुनाव पारदर्शी तरीके से हों ताकि जनता द्वारा जनता की सरकार चुनी जाए। इसको लेकर आयोग ने मतदाता सूची शुद्ध करने के लिए एक और फॉर्मूले पर काम करना शुरू किया। आधार नंबर को मतदाता सूची से लिंक करने का कुछ महीनों से अभियान चलाया जा रहा है। खूब समझाइश, नहीं समझ रहे इंदौर जिले में अब तक 70.62 प्रतिशत मतदाताओं के आधार कार्ड लिंक हो गए हैं, जो बड़ा आंकड़ा है। बचे हुए 29.38 प्रतिशत मतदाताओं से आधार नंबर लेने में निर्वाचन की टीम को पसीने छूट रहे हैं। ऐड़ी-चोटी का जोर लगाया जा रहा है लेकिन आंकड़ा बहुत धीमी गति से बढ़ रहा है। लोग आधार कार्ड देने से इनकार कर रहे हैं। ऐसा नहीं है कि ये स्थिति बड़ी-बड़ी पॉश कॉलोनियों में ही हो रही है, बल्कि कई बस्तियों में भी ऐसे ही हालात हैं। बीएलओ उन्हें सभी प्रकार से समझाइश देने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन वे समझने को तैयार नहीं हैं। कई पतों पर तो मतदाता ही नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में बीएलओ बकायदा पंचनामा बनाकर उनके नहीं रहने की रिपोर्ट पेश कर रहे हैं।

सर्वे में हो रहे चौंकाने वाले खुलासे: इंदौर में अशोक नगर, गुना, धार, झाबुआ, खंडवा, खरगोन सहित आसपास के जिलों के मूल निवासी हजारों की संख्या में रहते हैं। कई बस्तियां पूरी की पूरी उनकी ही है तो मतदाता सूची में भी उनका नाम दर्ज है। सर्वे के दौरान चौंकाने वाली बात ये सामने आ रही है कि उनके मूल जिले में भी उनका नाम दर्ज है। अलग-अलग समय पर चुनाव होते हैं तो वे दोनों जगह मतदान करते हैं और एक ही दिन में चुनाव होते हैं तो उनकी प्राथमिकता उनके मूल निवास पर जाकर वोट डालने की है। ये भी जानकारी सामने आई कि क्षेत्र के नेता व राजनीतिक दल उनकी सारी व्यवस्था जुटाते हैं। इस बहाने वे घर भी हो आते हैं और घर छोड़ भी जाते हैं। ऐसे में वे वहां की मतदाता सूची से नाम कटवाना नहीं चाहते हैं। बताया ये भी जा रहा है कि वोट डालने की कीमत भी उन्हें मिलती है।

इतने मतदाता बाकी:

इंदौर में कुल 25 लाख 33 हजार 708 मतदाता हैं, जिनमें से 17 लाख 89 हजार 396 मतदाताओं ने नाम जुड़वा लिए। अब कुल 7 लाख 44 हजार 312 मतदाता बचे हैं, जिन्हें आधार से लिंक करना है।

ये है आधार लिंक का हाल विस, कुल मतदाता – बाकी – कितना प्रतिशत हुआ

देपालपुर – 245059 – 38526 – 84 प्रतिशत

क्षेत्र-1 – 341062 – 130042 – 62 प्रतिशत

क्षेत्र-2 – 329675 – 144467 – 56 प्रतिशत

क्षेत्र-3 – 181604 – 67150 – 63 प्रतिशत

क्षेत्र-4 – 220804 – 62794 – 72 प्रतिशत

क्षेत्र-5 – 377672 – 134962 – 64 प्रतिशत

महू – 257471 – 68066 – 74 प्रतिशत

राऊ – 307825 – 68680 – 78 प्रतिशत

सांवेर – 272536 – 29625 – 89 प्रतिशत

Tags:    

Similar News