केरल में ED छापों के विरोध में हिंसा, तिरुवनंतपुरम में गाड़ी पर हमला, वीडियो वायरल
Kerala केरल: केरल के तिरुवनंतपुरम में बुधवार को तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब CMRL मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क उठी। आरोप है कि CPI(M) कार्यकर्ताओं ने ED अधिकारियों की गाड़ी पर हमला कर दिया।
यह घटना उस समय हुई जब ईडी की टीमें राज्य में लगभग 10 स्थानों पर छापेमारी कर रही थीं। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा विपक्ष के नेता पिनराई विजयन और उनके परिवार से जुड़े परिसरों पर भी तलाशी अभियान शामिल था।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और माहौल तेजी से तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि भीड़ ने ईडी की एक सरकारी वाहन को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने गाड़ी को धक्का दिया और उसे रोकने की कोशिश की।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में यह दृश्य कैद हुआ है, जिसमें प्रदर्शनकारी एक सफेद रंग की सरकारी गाड़ी को घेरकर उसे नुकसान पहुंचाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग वाहन की विंडशील्ड और खिड़कियों पर पत्थर और ईंटें फेंकते नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ लोग नंगे हाथों से भी गाड़ी को नुकसान पहुंचाते दिखते हैं।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस बल को तैनात किया गया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
ईडी की छापेमारी के बाद राज्य में राजनीतिक माहौल पहले से ही गर्म था, और इस हिंसक घटना ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। विपक्ष और सत्ताधारी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
फिलहाल अधिकारियों की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है, जबकि पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जांच कर रही है।