Kerala केरल : कोट्टायम जिले के कुमारकोम ग्राम पंचायत स्थित एक फार्म में अफ्रीकन स्वाइन फीवर, जो एक अत्यधिक संक्रामक और जानलेवा सूअर रोग है, का प्रकोप होने की सूचना शनिवार को मिली। अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित फार्म के एक किलोमीटर के दायरे को रोग प्रभावित क्षेत्र घोषित किया गया है, जबकि उसके आसपास के 10 किलोमीटर के दायरे को जिला कलेक्टर ने रोग निगरानी क्षेत्र घोषित किया है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि जिला कलेक्टर ने प्रकोप के मद्देनजर जिले के सभी हिस्सों में सख्त एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
इसमें कहा गया है कि प्रभावित क्षेत्रों में सूअर के मांस का वितरण और इसे बेचने वाली दुकानों का संचालन अगली सूचना तक स्थगित रहेगा।
संक्रमित क्षेत्र से सूअर के मांस, सूअरों और चारे के परिवहन पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार के दिशानिर्देशों के अनुसार प्रभावित फार्म और उसके एक किलोमीटर के दायरे में स्थित सभी सूअरों को मारने के लिए कदम उठाए जाएँगे।
उन्होंने बताया कि संबंधित मामलों के समन्वय के लिए एक त्वरित प्रतिक्रिया दल गठित करने का आदेश दिया गया है।