कोट्टायम: पुलिस ने बताया कि बुधवार को यहां एरुमेली के पास एक निजी बस के पलट जाने से 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए। बस कर्नाटक से तीर्थयात्रियों को सबरीमाला स्थित भगवान अयप्पा मंदिर ले जा रही थी और दुर्घटना सुबह करीब 6.30 बजे हुई। एरुमेली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि जिस राजमार्ग पर यह दुर्घटना हुई, उसमें तीखे मोड़ और ढलान है और इस पर चलते समय बस अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे पलट गई। अधिकारी ने बताया, "गंभीर रूप से घायल हुए पांच लोगों को कोट्टायम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया और मामूली कट और खरोंच वाले करीब 18 अन्य लोगों को नजदीकी अस्पतालों में प्राथमिक उपचार दिया गया।" उन्होंने बताया कि बस में सात बच्चों समेत करीब 32 तीर्थयात्री सवार थे।