कर्नाटक लोक भवन आज से तीन दिन तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा

बेंगलुरु। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर र्नाटक लोक भवन को आम लोगों के लिए तीन दिनों तक खोला जाएगा। नागरिक 16, 17 और 18 अगस्त को शाम 5:30 बजे से 7:30 बजे तक लोक भवन के निर्धारित हिस्सों का भ्रमण कर सकेंगे।

राज्यपाल के विशेष सचिव आर. प्रभु शंकर की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आम जनता को लोक भवन परिसर में प्रवेश का अवसर दिया जा रहा है। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आगंतुकों को केवल निर्धारित क्षेत्रों और तय मार्ग से ही भ्रमण की अनुमति होगी।प्रशासन ने लोक भवन आने वाले लोगों से सुरक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। प्रवेश के समय प्रत्येक व्यक्ति को सरकार द्वारा जारी वैध पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। इसमें आधार कार्ड जैसे पहचान पत्र शामिल हैं। प्रवेश द्वार पर पहचान पत्र की जांच की जाएगी।

लोक भवन में प्रवेश करने वाले सभी आगंतुकों की अनिवार्य रूप से सुरक्षा जांच और तलाशी की जाएगी। सुरक्षा कर्मियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करना भी जरूरी होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोगों को केवल निर्धारित क्षेत्र में और तय किए गए मार्ग से ही जाने की अनुमति दी जाएगी। परिसर में अनुशासन और शांति बनाए रखने के लिए आगंतुकों से मर्यादा का पालन करने की अपील की गई है। लोगों से कहा गया है कि वे लोक भवन के अंदर शांति, अनुशासन और गरिमा बनाए रखें।निजी वाहनों और टैक्सी को लोक भवन परिसर के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इसलिए आगंतुकों को अपने वाहनों के संबंध में पहले से व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।

सुरक्षा कारणों से लोक भवन के अंदर कई वस्तुओं को ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इनमें बैग और बैकपैक, खाने-पीने का सामान, पान, गुटखा, तंबाकू उत्पाद, सिगरेट और शराब शामिल हैं।

इसके अलावा पेशेवर कैमरा और वीडियो कैमरा, लैपटॉप तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी परिसर के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने धारदार या धातु की वस्तुओं, माचिस, लाइटर, ज्वलनशील पदार्थ, हथियार और गोला-बारूद को भी प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची में रखा है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर पहुंचें और सुरक्षा जांच में सहयोग करें। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोक भवन को आम जनता के लिए खोलने का उद्देश्य नागरिकों को इस महत्वपूर्ण संस्थान के निर्धारित हिस्सों को देखने का अवसर देना है। तीन दिनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए आगंतुकों की आवाजाही नियंत्रित तरीके से कराई जाएगी।

Tags: