Bengaluru : रेणुकास्वामी हत्या मामला में अभिनेता दर्शन को चार जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेजा

Update: 2024-06-22 13:22 GMT
Bangalore बेंगलुरु। कर्नाटक में बेंगलुरु की एक अदालत ने कन्नड़ अभिनेता दर्शन थूगुदीप को रेणुकास्वामी हत्या मामले में शनिवार को चार जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दर्शन के कथित चार साथियों को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अभिनेता 11 जून से पुलिस हिरासत में है। विशेष लोक अभियोजक ने अदालत से अनुरोध किया कि आरोपियों को अलग-अलग तथा कर्नाटक की विभिन्न जेलों में रखने का निर्देश दिया जाए। इसका दर्शन के वकीलों ने विरोध किया। दर्शन और उनके सहयोगियों को बेंगलुरु के परप्पना अग्रहारा स्थित केंद्रीय कारागार ले जाया गया।
अदालत के बाहर बड़ी संख्या में अभिनेता के प्रशंसक एकत्र हुए और उन्होंने दर्शन के पक्ष में नारे लगाए। अभिनेता ने भी पुलिस वैन से उनका अभिवादन किया। दर्शन (47) की मित्र पवित्रा गौड़ा सहित 13 अन्य आरोपियों को दो दिन पहले 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। रेणुकास्वामी की हत्या के मामले में अब तक कुल 17 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अभिनेता के प्रशंसक रेणुकास्वामी ने गौड़ा को अश्लील संदेश भेजे थे। रेणुकास्वामी ने कथित तौर पर अभिनेत्री गौड़ा के सोशल मीडिया अकाउंट पर टिप्पणी कर उन पर अभिनेता व उनकी पत्नी के बीच दरार पैदा करने का आरोप लगाया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभिनेता के प्रशंसक रेणुकास्वामी ने कथित तौर पर गौड़ा को आपत्तिजनक संदेश भेजे थे।
इससे दर्शन नाराज हो गए और कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी गई। रेणुकास्वामी का शव नौ जून को सुमनहल्ली में एक अपार्टमेंट के बगल में नाले के पास से बरामद किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार रेणुकास्वामी की मौत कई चोटों के कारण और रक्तस्राव के कारण हुई थी।
Tags:    

Similar News

-->