धनबाद में युवक का शव बरामद, हत्या या हादसा

Update: 2026-06-21 13:11 GMT

Jharkhand: धनबाद जिले के गोंदुडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत खरिकाबाद स्थित एक आटा चक्की के पास रविवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान बस्तकोला निवासी उमेश यादव के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक के सीने के पास शर्ट पर खून के गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे गोली मारकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

जानकारी के मुताबिक उमेश यादव एक आटा मिल में काम करता था और रविवार को वह मिल के पैसे का तगादा करने बाजार गया था। काम पूरा करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था, तभी यह घटना हुई। परिजनों का कहना है कि यह वारदात दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुई होगी।

घटनास्थल से करीब 10 कदम की दूरी पर मृतक की स्प्लेंडर बाइक (JH10AS-0577) भी बरामद हुई, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही गोंदुडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) भेज दिया। साथ ही बाइक को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस इस मामले की जांच हत्या, लूटपाट और आपसी रंजिश समेत कई एंगल से कर रही है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और परिजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।

Tags:    

Similar News