एक के बाद एक वाहनों की टक्कर, रातभर जाम

Update: 2026-07-02 13:51 GMT

Jharkhand: कोडरमा जिले के नौवां माइल घाटी में बुधवार देर रात रांची-पटना मुख्य मार्ग पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। पहले एक ट्रक और उसके बाद फ्लाई ऐश से लदा हाइवा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद करीब आधा दर्जन वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना से राष्ट्रीय राजमार्ग पर रातभर लंबा जाम लगा रहा और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

जानकारी के अनुसार, बिहार से रांची जा रहा रेडीमेड कपड़ों से लदा ट्रक घाटी में अचानक पलट गया, जिससे सड़क पर सामान फैल गया। इसके कुछ ही देर बाद फ्लाई ऐश लदा हाइवा भी उसी स्थान पर पलट गया, जिससे पूरी सड़क पर राख फैल गई और दृश्यता कम हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे कई वाहन फिसलकर एक-दूसरे से टकरा गए।

हादसे के समय तेज बारिश भी हो रही थी, जिससे सड़क और अधिक फिसलन भरी हो गई। स्थिति बिगड़ने पर कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और वन-वे व्यवस्था लागू कर यातायात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

रातभर वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते रहे और कई यात्री बसें घंटों तक जाम में फंसी रहीं। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गुरुवार सुबह तक भी यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और सड़क को साफ कराने का काम शुरू कर दिया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से बारिश के दौरान घाटी क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।

Tags:    

Similar News