कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनने के लिए उम्मीदवारों ने दिखाया दमखम, बाहर हंगामा भी खूब हुआ
झारखंड में कांग्रेस का जिलाध्यक्ष बनने के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में साक्षात्कार शनिवार दूसरे दिन भी हुआ
Ranchi : झारखंड में कांग्रेस का जिलाध्यक्ष बनने के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में साक्षात्कार शनिवार दूसरे दिन भी हुआ. शुक्रवार को जिन छह जिलों (पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, चतरा, धनबाद, रांची महानगर और रांची ग्रामीण) के अभ्यर्थी इसमें शामिल नहीं हो पाये थे, उन्होंने इसमें भागीदारी की. इंटरव्यू टीम का नेतृत्व प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने किया. इस दौरान उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, जलेश्वर महतो, सांसद गीता कोड़ा, पूर्व मेयर रमा खलखो सहित अन्य भी मौजूद थीं. इंटरव्यू के दौरान अभ्यर्थियों से कांग्रेस पार्टी का इतिहास, दूसरे दलों से भिन्नता और समसामयिक विषयों की भी जानकारी ली गयी.
इंटरव्यू में धांधली की शिकायत
दूसरे दिन शनिवार को कांग्रेस नेताओं को कार्यकर्ताओं का विरोध झेलना पड़ा. कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के बाहर कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं का हंगामा किया. हंगामा करनेवालों ने कहा कि उन्होंने जिलाध्यक्ष पद के लिए आवेदन किया था पर बिना वजह बताये उन्हें कॉल नहीं किया. कार्यकर्ताओं ने कहा कि साजिशन अपने मनपसंद लोगों को जिलाध्यक्ष बनाने का षड्यंत्र रचा जा रहा. कइयों ने कहा कि जिला में जिसकी पहचान तक नहीं है उन्हें भी बुलाया गया है जबकि पुराने कांग्रेसी को नजरअंदाज किया गया है. ऐसे लोगों का जिला में जोरदार विरोध होगा. प्रदेश कांग्रेस की मनमानी से सोनिया गांधी, राहुल गांधी को भी अवगत कराया जायेगा.
सोर्स- News Wing