Jharkhand: गोड्डा जिले के महागामा थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत विशेष जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद से बरामद किए गए दर्जनों गुमशुदा मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने अपने फोन वापस मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन गोड्डा पुलिस की मेहनत से उन्हें उनका मोबाइल मिल गया। लोगों ने इसे अपने लिए एक बड़ी राहत और तोहफा बताया और पुलिस का आभार जताया।
इस अवसर पर एसपी मुकेश कुमार ने कहा कि ‘ऑपरेशन मुस्कान’ का उद्देश्य आम जनता की खोई हुई वस्तुओं को तकनीकी मदद से खोजकर वापस लौटाना है, ताकि लोगों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था ही नहीं संभालती, बल्कि जनता की सेवा और मदद के लिए भी लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम में SDPO सहित कई पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे पुलिस और जनता के बीच भरोसा और मजबूत हुआ है।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में एक मानवीय और सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे लोगों में सुरक्षा और विश्वास की भावना और बढ़ी है।