Ranchi : देश के नए राष्ट्रपति के लिए आज होगी वोटिंग
देश के नए राष्ट्रपति के लिए आज होगी वोटिंग
Ranchi : देश के नए राष्ट्रपति के लिए आज वोटिंग होगी. वोटिंग सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. राष्ट्रपति चुनाव के लिए 4800 निर्वाचित सांसद-विधायक वोट करेंगे. देश के 15वें राष्ट्रपति के लिए एनडीए की ओर से झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा प्रत्याशी हैं. एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू की जीत तय मानी जा रही है. सांसदों और विधायकों के लिए अलग अलग रंग के मतपत्र की व्यवस्था है. सांसदों को हरे, जबकि विधायकों को गुलाबी रंग के मतपत्र मिलेंगे. गोपनीयता के लिए मतपत्रों पर बैगनी स्याही वाला पेन दिया जाएगा. मतगणना 21 जुलाई को होगी और परिणाम भी उसी दिन आएगा. 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ होगा.
भाजपा को मिल रहा है कि गैर एनडीए दलों का साथ
भाजपा के आदिवासी कार्ड ने राष्ट्रपति चुनाव में गैर एनडीए दलों को भी साथ आने पर मजबूर कर दिया है. यही वजह है कि झारखंड में कांग्रेस के सहयोग से सरकार चला रही झामुमो को द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में आना पड़ा. ओडिसा के द्रौपदी मुर्मू के होने के कारण बीजू जनता दल का साथ मिल रहा है. इसके अलावा तेलंगाना की वीआरएस कांग्रेस और शिव सेना उद्धव ठाकरे गुट ने भी द्रौपदी को समर्थन कर दिया है. यही वजह है कि द्रौपदी मुर्मू को 27 दिनों में वोट 52 प्रतिशत से बढ़कर 61 प्रतिशत हो गया है. राष्ट्रपति चुनाव में कुल 10,86,431 वोट पड़ते हैं. सभी वोट पड़ते हैं तो द्रौपदी मुर्मू को 6.67 लाख वोट मिलेंगे जो निर्णायक मत से लगभग एक लाख से ज्यादा है. यशवंत सिन्हा को 4.19 लाख वोट अबतक के गणित के हिसाब से मिल रहे हैं. जीत के लिए 5,40,065 वोट चाहिए.
अपने ही राज्य में यशवंत पस्त
झारखंड की बात करें तो यहां दो तिहाई से ज्यादा वोट द्रौपदी मुर्मू को मिलता दिख रहा है. द्रौपदी मुर्मू को झामुमो के 30 विधायकों और 3 सांसदों , भाजपा के 26 विधायकों और 13 सांसदों, आजसू के 2 विधायकों और एक सांसद का वोट तो मिल ही रह है इसके अलावा एनसीपी के एक व एक निर्दलीय विधायक का भी समर्थन है. यशवंत सिन्हा को कांग्रेस के 18 विधायकों और 2 सांसदों के साथ राजद के एक वोट मिलते दिख रहे हैं. झारखंड में एक विधायक के वोट का मूल्य 176 है और एक सांसद के वोट का मूल्य 700 है. इस हिसाब से यशवंत सिन्हा अपने ही राज्य में बुरी तरह से पस्त होते नजर आ रहे हैं.