रांची जेल यौनाचार मामला: पीड़ित को जेल से मिल रही जान से मारने की धमकी, बाबूलाल ने सीबीआई जांच की मांग की
रांची: झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में एक पूर्व विचाराधीन बंदी के साथ कथित सामूहिक यौनाचार के मामले में पीड़ित और उसके परिवार को जेल के भीतर से जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने झारखंड उच्च न्यायालय से मामले का स्वत: संज्ञान लेने और इसकी जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने का आग्रह किया है।
मरांडी ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दावा किया कि जेल के अंदर से फोन कर पीड़ित और उसके परिवार को धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 14 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस पीड़ित का बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज नहीं करा पाई है। उन्होंने पीड़ित की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उसका बयान जल्द दर्ज कराने की मांग की है। नेता प्रतिपक्ष ने जेल के भीतर प्रतिबंधित मोबाइल फोन के इस्तेमाल और बंदियों के साथ कथित अमानवीय व्यवहार पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को संबोधित करते हुए कहा कि यह मामला केवल एक युवक तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य की कानून-व्यवस्था और जेल प्रशासन की जवाबदेही से जुड़ा है। मरांडी ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे वे जेल प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी हों या पुलिसकर्मी। होटवार जेल में कथित यौनाचार का मामला इस महीने सामने आया था। पीड़ित के पिता की शिकायत पर 12 नवंबर को रांची के खेलगांव थाने में जेल अधीक्षक, जेल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर, वार्ड इंचार्ज और बंदियों समेत कुल 19 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
शिकायत के अनुसार, युवक जब विचाराधीन बंदी के रूप में जेल में था, तब उसे नशीला पदार्थ पिलाकर तीन अलग-अलग मौकों पर सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पीड़ित ने जेल प्रशासन से इसकी शिकायत की, लेकिन उसे मदद नहीं मिली और जेल अस्पताल में इलाज से भी इनकार किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। इस प्रकरण में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी संज्ञान लिया है।
आयोग ने 20 नवंबर को सुनवाई के बाद झारखंड के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर जांच कर कार्रवाई रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। मरांडी ने उच्च न्यायालय से पूरे मामले में हस्तक्षेप करने, सीबीआई जांच का आदेश देने और पीड़ित तथा उसके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने का आग्रह किया है। उन्होंने जेल के भीतर से फोन किए जाने के आरोपों की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग की है।