चतरा: झारखंड के चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह पुलिस और राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के बीच मुठभेड़ में एक अपराधी को गोली लगी है। घायल को पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा है। पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के कुछ सक्रिय अपराधी टंडवा इलाके में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस की टीम ने इलाके में अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस और अपराधियों का आमना-सामना हो गया। मुठभेड़ में एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया। राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के साथ पिछले कुछ दिनों में पुलिस की यह तीसरी मुठभेड़ है।
इससे पहले 23 नवंबर को हजारीबाग के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डाटोखुर्द स्थित रेलवे साइडिंग के पास पुलिस और गिरोह के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इसमें दो अपराधी घायल हुए थे। उनकी पहचान हजारीबाग के पदमा निवासी दीप नारायण भगत और चतरा के नगवां निवासी राहुल कुमार उर्फ रॉकी के रूप में हुई थी। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। मुठभेड़ के दौरान दो अन्य अपराधी फरार हो गए थे।
इससे पहले छह नवंबर को हजारीबाग के उरीमारी क्षेत्र के कर्मा टिल्हा जंगल में पुलिस और गिरोह के सदस्य अंशु दुबे के बीच मुठभेड़ हुई थी। इसमें अंशु दुबे के पैर में गोली लगी थी। 30 अक्टूबर को रांची पुलिस ने इसी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया था और इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ था। राहुल दुबे गैंग का नाम चतरा और हजारीबाग जिले में हुई गोलीबारी की कई घटनाओं में सामने आया है।
12 नवंबर की रात टंडवा स्थित आम्रपाली कोल परियोजना के होन्हे गांव में एवीएस कोल ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के कार्यालय पर बाइक सवार अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की थी। 19 नवंबर की रात हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित होटल एके इंटरनेशनल के बाहर भी बाइक सवार अपराधियों ने करीब छह राउंड गोलियां चलाई थीं। इससे पहले 29 अक्टूबर को हजारीबाग के मटवारी स्थित एक होटल के बाहर फायरिंग हुई थी। 13 नवंबर को बरही के स्टेशन रोड स्थित एक होटल के बाहर भी गोलीबारी की घटना हुई थी।