रांची: स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में मेडिकल शिक्षा के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। यहां एमबीबीएस, पीजी और सुपर स्पेशियलिटी सीटों में बढ़ोतरी की तैयारी की जा रही है। इसके लिए केंद्र सरकार से वित्तीय सहायता लेने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। साथ ही पलामू और दुमका मेडिकल कॉलेजों के विस्तार की योजना भी शामिल है।
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में विभागीय अधिकारी, रिम्स प्रशासन और जेएसबीसीसीएल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रस्ताव के अनुसार रिम्स में एमबीबीएस सीटें 176 से बढ़ाकर 250, पीजी सीटें 180 से बढ़ाकर 275 और सुपर स्पेशियलिटी सीटें 11 से बढ़ाकर 100 करने की योजना है। इसके लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) को प्रस्ताव भेजा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि सीट वृद्धि के अनुरूप रिम्स में इंफ्रास्ट्रक्चर, हॉस्टल, लैब, ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक उपकरण और मानव संसाधनों का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए विस्तृत आकलन तैयार कर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा, जिसमें प्रति अतिरिक्त सीट लगभग 1.5 करोड़ रुपये तक की सहायता मिलने की संभावना है।
अपर मुख्य सचिव ने जेएसबीसीसीएल को 15 दिनों के भीतर संशोधित विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करने का निर्देश दिया है।
बैठक में पलामू और दुमका मेडिकल कॉलेजों के विस्तार पर भी चर्चा हुई। दोनों कॉलेजों में भविष्य में पीजी कोर्स शुरू करने की योजना है और इसके लिए भी डीपीआर तैयार किया जाएगा।
इसके अलावा रिम्स परिसर में स्वच्छता अभियान चलाने और अनावश्यक संरचनाओं को हटाकर व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए गए।