Jharkhand:कोलकाता में दक्षिण पूर्व रेलवे की जोनल रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई, जिसमें झारखंड के रेल यात्रियों की लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में समिति सदस्य अरुण जोशी ने रांची और हटिया से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए नई ट्रेनों के संचालन, मौजूदा ट्रेनों के विस्तार और रेल सुविधाओं में सुधार की मांग रखी।
रांची से कई नई ट्रेनों का प्रस्ताव
बैठक में रांची-रामेश्वरम, रांची-सूरत/अहमदाबाद, रांची-योग नगरी ऋषिकेश, रांची-पुणे (हडपसर), रांची-रायपुर वंदे भारत, हटिया-बेंगलुरु, हटिया-सिकंदराबाद और अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों के नियमित संचालन का प्रस्ताव दिया गया। इसके साथ ही हटिया-बड़बिल मेमू और अन्य लोकल सेवाओं को मजबूत करने की बात कही गई।
राजधानी एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने की मांग
अरुण जोशी ने रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को सप्ताह में चार दिन के बजाय प्रतिदिन चलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि दिल्ली रूट पर यात्रियों की भारी भीड़ रहती है, जिससे वेटिंग लिस्ट लंबी हो जाती है। ट्रेन के समय में सुधार कर इसे सुबह जल्दी दिल्ली पहुंचाने का सुझाव भी दिया गया।
कई ट्रेनों के विस्तार की मांग
बैठक में झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को जयपुर तक, हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस को नागपुर/इतवारी तक बढ़ाने, वाराणसी इंटरसिटी को लखनऊ तक विस्तार देने और अन्य ट्रेनों के रूट विस्तार की मांग रखी गई। हटिया-सांकी पैसेंजर को हजारीबाग टाउन तक और अन्य सेवाओं के विस्तार का प्रस्ताव भी दिया गया।
रेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर
बैठक में रांची-लोहरदगा-टोरी और मुरी-चांडिल रेलखंड के दोहरीकरण कार्य को तेज करने, लोहरदगा-गुमला-सिमडेगा नई रेललाइन का सर्वे कराने और कई स्टेशनों पर सुविधाएं बढ़ाने की मांग की गई। ट्रेनों में एलएचबी कोच, अतिरिक्त एसी बोगियां और पैंट्री कार जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
यात्रियों की सुविधा पर फोकस
बैठक में कहा गया कि झारखंड से शिक्षा, रोजगार और इलाज के लिए बड़ी संख्या में लोग यात्रा करते हैं, लेकिन सीमित ट्रेनों के कारण वेटिंग लिस्ट लंबी रहती है। नई ट्रेनों और बेहतर कनेक्टिविटी से यात्रियों, छात्रों और मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा।