सिमडेगा में राज्य स्तरीय रामरेखा महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में, पहली बार राज्य स्तर पर होगा आयोजन

Update: 2025-11-03 14:46 GMT
Jharkhand झारखण्ड: जिले के ऐतिहासिक रामरेखा धाम में आयोजित होने जा रहे राज्य स्तरीय रामरेखा महोत्सव की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। यह महोत्सव 4 नवंबर से शुरू होगा और पहली बार इसे राज्य स्तर पर मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित यह धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम झारखंड की परंपरा, आस्था और लोकसंस्कृति का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगा। सिमडेगा की उपायुक्त (डीसी) कांचन सिंह ने रविवार को रामरेखा धाम परिसर का निरीक्षण कर अंतिम तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, पार्किंग जोन और सुरक्षा प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
कांचन सिंह ने बताया कि इस वर्ष का रामरेखा महोत्सव ऐतिहासिक होने जा रहा है क्योंकि पहली बार इसे राज्य स्तरीय कार्यक्रम का दर्जा मिला है। महोत्सव में झारखंड के साथ-साथ देशभर से राष्ट्रीय स्तर के कलाकार प्रस्तुति देंगे। लोकगीत, नृत्य, भजन संध्या, झारखंडी सांस्कृतिक झांकी और स्थानीय कलाकारों की पारंपरिक प्रस्तुतियां आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेंगी। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी स्वास्थ्य शिविर, कंट्रोल रूम और सूचना केंद्र की व्यवस्था की जा रही है। 
साथ ही जिला पुलिस और प्रशासनिक अमला सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह अलर्ट है। आसपास के गांवों और धार्मिक स्थलों को भी सजाया जा रहा है ताकि आगंतुकों को एक भव्य वातावरण का अनुभव हो सके। स्थानीय लोगों में भी महोत्सव को लेकर उत्साह चरम पर है। रामरेखा धाम का धार्मिक महत्व भगवान श्रीराम से जुड़ा हुआ माना जाता है, और हर वर्ष यहां कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इस बार राज्य सरकार के सहयोग से आयोजित यह महोत्सव सिमडेगा को सांस्कृतिक मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने वाला साबित होगा।
Tags:    

Similar News