मोहर्रम जुलूस में बिजली नहीं कटेगी

Update: 2026-06-25 16:03 GMT

Jharkhand: रांची में मोहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड Jharkhand Bijli Vitran Nigam Limited ने विशेष व्यवस्था की है। विभाग ने साफ किया है कि जुलूस के समय किसी भी हालत में बिजली सप्लाई नहीं काटी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी छह डिवीजन को अलर्ट मोड पर रखा गया है और आम जनता, जुलूस आयोजकों तथा अखाड़ा समितियों से अगले दो दिनों तक सतर्क रहने की अपील की गई है। प्रशासन ने यह भी कहा है कि जुलूस के दौरान किसी तरह की लापरवाही से हादसा न हो, इसके लिए सभी स्तर पर निगरानी रखी जाएगी।

जारी निर्देशों में कहा गया है कि जुलूस में शामिल ताजिया, वाहनों पर लगे साउंड सिस्टम और झांकियों की ऊंचाई निर्धारित सीमा से अधिक नहीं होनी चाहिए। बसों और बड़े वाहनों की छत पर किसी भी व्यक्ति के बैठने या ऊंची सामग्री रखने पर रोक रहेगी, ताकि कुल ऊंचाई 4 मीटर यानी 13 फीट से ज्यादा न हो। समितियों को पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने के निर्देश दिए गए हैं, जो पूरे जुलूस के दौरान व्यवस्था पर नजर रखेंगे और किसी भी प्रकार की लापरवाही रोकेंगे।

आम लोगों और जुलूस में शामिल व्यक्तियों से अपील की गई है कि वे बिजली के पोल, तार और अन्य उपकरणों से दूर रहें और किसी भी तरह का संपर्क करने से बचें, जिससे दुर्घटना की संभावना न बने।

शिकायत और आपात स्थिति के लिए कई हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। विद्युत नियंत्रण कक्ष, कुसई कॉलोनी का नंबर 9431135682 है। जन समस्या निवारण केंद्र के नंबर 9031110120, 9031110118 और 9031110119 जारी किए गए हैं। इसके अलावा रांची के विभिन्न डिवीजनों के अधिकारियों के संपर्क नंबर भी दिए गए हैं, जिनमें विद्युत अधीक्षण अभियंता 9431135662, रांची सेंट्रल 9431135613, डोरंडा 9431135608, न्यू कैपिटल 9431135620, रांची पूर्वी 9431135614, रांची पश्चिमी 9431135664, कोकर 9431135615 और खूंटी 9431135616 शामिल हैं।

Tags:    

Similar News