पर्यटकों के लिए नया सेल्फी पॉइंट तैयार

Update: 2026-07-03 16:05 GMT

रांची: प्रसिद्ध जोन्हा फॉल (गौतमधारा) को विश्वस्तरीय इको टूरिज्म साइट के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की एक उच्चस्तरीय टीम ने शुक्रवार को जोन्हा फॉल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस टीम का नेतृत्व पीसीसीएफ (हॉफ) संजीव कुमार ने किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जोन्हा फॉल क्षेत्र की मौजूदा स्थिति का बारीकी से अध्ययन किया और इसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की। टीम ने यहां पहुंच मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, पर्यटकों की सुरक्षा, पेयजल सुविधा, हाईटेक शौचालय, विश्राम स्थल, साइन बोर्ड और कचरा प्रबंधन जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया। इसके अलावा नए व्यू पॉइंट और सेल्फी पॉइंट विकसित करने की भी योजना पर विचार किया गया, ताकि पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य का बेहतर अनुभव ले सकें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि विकास कार्यों से प्राकृतिक वातावरण और जैव विविधता को कोई नुकसान न पहुंचे।

पीसीसीएफ संजीव कुमार ने कहा कि इस पूरे प्रोजेक्ट में स्थानीय समुदाय और संयुक्त वन प्रबंधन समिति की भागीदारी अहम होगी। उन्होंने बताया कि यहां स्थानीय वनोत्पाद और आदिवासी हस्तशिल्प के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि जोन्हा फॉल का विकास पर्यावरण को सुरक्षित रखते हुए किया जाए। इसके लिए एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जल्द ही विकास कार्य शुरू किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान वन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने मिलकर इस परियोजना को सफल बनाने पर सहमति जताई। यह योजना न केवल झारखंड के पर्यटन को नई पहचान देगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करने में मदद करेगी।

Tags:    

Similar News