कार एक्सीडेंट के बाद जमकर हंगामा मारपीट और लूट का आरोप
टक्कर फिर मारपीट रांची में कार विवाद
रांची: झारखंड की राजधानी रांची में कार की मामूली टक्कर का विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। डोरंडा थाना क्षेत्र के हिनू चौक के पास हुए विवाद में एक पक्ष ने करीब 15 लोगों पर मारपीट करने, सोने की चेन और नकदी छीनने का आरोप लगाया है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि घटना हिनू सेंट्रल बैंक के पास हुई, जहां दो वाहनों की टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। शुरुआती बहस के बाद मामला इतना बढ़ गया कि मारपीट तक पहुंच गया।
टक्कर के बाद मौके पर पहुंचे लोग
शिकायतकर्ता अमन कुमार के अनुसार, वह अपनी कार से जा रहे थे, तभी एक अन्य कार ने पीछे से उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। नुकसान को लेकर बातचीत चल ही रही थी कि विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष ने अपने कई साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ देर बाद करीब 15 से 20 लोग वहां पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी।
चेन और रुपये छीनने का आरोप
अमन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनकी जेब से करीब 5 हजार रुपये और उनके पिता के गले से सोने की चेन छीन ली गई।उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से हमला किया, जिसमें उन्हें और उनके पिता को चोटें आईं।
दूसरे पक्ष ने भी लगाए आरोप
वहीं, दूसरे पक्ष ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। दूसरे पक्ष का आरोप है कि उन्हें भी रोका गया और उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने भी चेन और नकदी छीने जाने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है।
पुलिस जुटी जांच में
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरी घटना की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।