Latehar लातेहार: जिले के बरवाडीह-मंगरा रेलवे स्टेशन के बीच मालगाड़ी की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गई जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है. बरवाडीह में प्राथमिक इलाज के बाद घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है. घायल महिला की पहचान बरवाडीह थाना क्षेत्र के मंगरा गांव निवासी सरिता देवी के रूप में हुई है, जबकि बच्चा सरिता देवी ही का बेटा था.
दरअसल, सरिता देवी बच्चे के साथ अपने गांव मंगरा से बरवाडीह की ओर आ रही थी. तभी रेलवे लाइन क्रॉस करने के दौरान अचानक महिला और उसका बच्चा मालगाड़ी की चपेट में आ गए. इस घटना में मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने मामले में तत्परता दिखाते हुए घटना की जानकारी पुलिस और रेलवे पुलिस को दी तथा एंबुलेंस की मदद से मां और बच्चे को तत्काल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने बच्चा को मृत घोषित कर दिया. जबकि महिला का प्राथमिक इलाज किया जा रहा है और उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है|