JSSC शिक्षक भर्ती आंसर-की जारी

Update: 2026-07-01 14:50 GMT

Jharkhand: रांची से राणा प्रताप की रिपोर्ट के अनुसार झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने विशेष शिक्षा सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा–2025 की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है। आयोग ने परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की रिस्पॉन्स शीट और उत्तर कुंजी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है, जिसके बाद अभ्यर्थी अब ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कर सकते हैं।

आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, जिन उम्मीदवारों को किसी प्रश्न या उत्तर पर आपत्ति है, वे 7 जुलाई की मध्यरात्रि 12 बजे तक अपनी आपत्ति ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद किसी भी तरह के दावे या आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आपत्तियां केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार की जाएंगी, जबकि डाक, ईमेल या अन्य किसी माध्यम से भेजी गई आपत्तियां मान्य नहीं होंगी।

अभ्यर्थियों को आपत्ति दर्ज कराने के लिए जेएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने रोल नंबर और पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन करना होगा। इसके बाद वे संबंधित प्रश्नों पर अपनी आपत्ति दर्ज कर सकते हैं।

यह परीक्षा 22 जून से 25 जून के बीच कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत झारखंड के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कुल 3,451 विशेष शिक्षा सहायक आचार्य पदों पर नियुक्ति की जाएगी। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आगे की प्रक्रिया और अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण सूचना से वंचित न रहें।

इस भर्ती प्रक्रिया को राज्य में विशेष शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

Tags:    

Similar News