Jharkhand: रांची में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव और केंद्रीय प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि गठबंधन के भीतर जिन विधायकों ने पार्टी लाइन से हटकर मतदान किया है, उनकी पहचान कर ली गई है और जल्द ही इस पर हाई-लेवल बैठक में बड़ा फैसला लिया जाएगा।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने दावा किया कि झारखंड के 81 विधायकों में से 50 विधायकों ने कांग्रेस और झामुमो के पक्ष में मतदान किया। उन्होंने कहा कि झामुमो उम्मीदवार बैजनाथ राम को 30 वोट और कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को 20 वोट मिले। वहीं भाजपा समर्थित प्रत्याशी परिमल नाथवाणी को 28 वोट मिले। उन्होंने कहा कि गठबंधन में कुछ भितरघातियों की भूमिका भी सामने आई है, जिन पर जल्द कार्रवाई होगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने NEET परीक्षा विवाद को लेकर भी केंद्र सरकार पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने परीक्षा में वायुसेना के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिक्षा परीक्षा को राष्ट्रीय आपदा जैसी स्थिति में ले जाना चिंताजनक है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि सरकार परीक्षा व्यवस्था संभालने में विफल साबित हो रही है।
झामुमो नेता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और अब तक कई छात्र मानसिक दबाव में आत्महत्या तक कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि संस्थागत व्यवस्था कमजोर हो रही है और सरकार जिम्मेदारी लेने के बजाय बचाव की राजनीति कर रही है।
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि आने वाले समय में अलग-अलग परीक्षाओं की जिम्मेदारी अलग एजेंसियों को दी जा सकती है, जिससे व्यवस्था और जटिल हो जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिए गए बयानों के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।