Jharkhand Weather : झारखंड में हल्की गर्मी ने दस्तक दे दी है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 33 डिग्री और सबसे कम तापमान चतरा में 12.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में भी दोपहर में तेज धूप निकली, जिसके कारण लोग स्वेटर से दूरी बनाते नजर आए। आज भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के लगभग सभी जिलों में आज दोपहर में तेज धूप निकलेगी। आज भी अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक जा सकता है। वहीं शाम में शीतलहर चलने की संभावना नहीं है। ऐसे में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने से शाम में भी हल्की गर्मी महसूस की जा सकती है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 5 दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हिमालयी शहरों में भी बर्फबारी नहीं हो रही है। पश्चिमी विक्षोभ का असर भी नहीं देखा जा रहा है। यही कारण है कि न्यूनतम और अधिकतम तापमान में भी वृद्धि शुरू हो गई है। अभिषेक आनंद ने बताया कि चार और पांच फरवरी की सुबह कोहरा या धुंध छाने के बाद आंशिक बादल छाये रह सकते हैं. मौसम केंद्र के अनुसार रविवार को चाईबासा और जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है. चाईबासा का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. वहीं, जमशेदपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. न्यूनतम तापमान का भी यही हाल है. न्यूनतम तापमान भी 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास है. सबसे अधिक तापमान सरायकेला में रहा. वहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया|