Jharkhand : रेल हादसा, पत्थरों से लदी मालगाड़ी पटरी से उतरी, लाखों का नुकसान
Jharkhand झारखंड: झारखंड के साहिबगंज जिले में गुरुवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया, जब बरहरवा रेलवे लोडिंग प्वाइंट पर पत्थर से लदी मालगाड़ी पटरी से उतर गई। हादसा सुबह उस समय हुआ जब ट्रेन अपने तय रूट से गुजर रही थी। मालगाड़ी की करीब 18 बोगियां पटरी से उतरकर इधर-उधर बिखर गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की मौत नहीं हुई और न ही किसी के घायल होने की खबर है।
इस हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर आवाजाही बाधित हो गई। बरहरवा लोडिंग प्वाइंट पर मालगाड़ियों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। रेल विभाग ने पटरी से उतरी बोगियों को हटाने के लिए युद्धस्तर पर राहत और मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। घटना के कारण मालदा रेल मंडल के कई रूटों पर मालगाड़ियों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है।
हादसे की सूचना रेल प्रशासन को मिलते ही बरहरवा रेलवे स्टेशन के आरपीएफ जवान, स्टेशन प्रबंधक और मालदा डीआरएम कार्यालय के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। रेलवे यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि यह हादसा तकनीकी खराबी या मानवीय भूल की वजह से हुआ। 18 बोगियों के पटरी से उतरने और माल के नष्ट होने से लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। रेलवे इंजीनियरों की टीम लगातार ट्रैक को चालू करने के लिए काम कर रही है। रेलवे प्रशासन ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं। स्थानीय प्रशासन भी सतर्क है, ताकि किसी तरह की अफवाह या अराजकता न फैले। जांच के बाद ही हादसे की वजह का स्पष्ट पता चल पाएगा।