Jharkhand : स्कूलों के आसपास नहीं बिकेगी मांस-मछली, तंबाकू की खरीद-बिक्री पर भी रोक
Jharkhand झारखंड: रांची नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने निगम क्षेत्र की साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन, राजस्व सुदृढ़ीकरण और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर निगम के पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की. इसमें आगामी श्रावण मास, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रस्तावित रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर उद्घाटन कार्यक्रम और मानसून सत्र को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए. इसके अलावा स्कूलों के आसपास मांस-मछली की बिक्री पर भी रोक लगाने का निर्देश दिया गया. बैठक में प्रशासक ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी स्कूलों के 300 मीटर के अंदर कोई भी मांस या मछली की दुकान संचालित नहीं होगी|
साथ ही स्कूलों के आसपास किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पादों की खरीद-बिक्री पर पूरी तरह से रोक रहेगी. प्रशासक ने 3 जुलाई को रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर के उद्घाटन को लेकर कार्यक्रम स्थल और रूट पर विशेष सफाई अभियान चलाने, मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन का उपयोग करने और खराब स्ट्रीट लाइट को ठीक करने का निर्देश दिया. स्वच्छता शाखा की टीम श्रावण मास से पहले पहाड़ी मंदिर समेत अन्य मंदिरों, शिवालयों और आसपास के इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाएगी. उप प्रशासक के नेतृत्व में सहायक प्रशासक एवं नगर प्रबंधकों की टीम प्रतिदिन अलग-अलग समय पर निरीक्षण करेगी। तथा मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करेगी। |
श्रावण मास के दौरान पहाड़ी मंदिर के संपर्क पथों पर स्थान चिन्हित कर अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। मानसून को देखते हुए स्वास्थ्य शाखा की टीम रोस्टर के अनुसार पूरे शहर में नियमित फॉगिंग एवं एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराएगी। डेंगू एवं मलेरिया की सूचना मिलने पर प्रभावित क्षेत्र में डोर-टू-डोर दवा का छिड़काव कराया जाएगा। आवारा कुत्तों के बंध्याकरण के लिए चयनित एजेंसी मेसर्स होप एंड एनिमल ट्रस्ट को आवारा पशुओं की संख्या को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया।