Jharkhand: हाड़ कंपाने वाली ठंड,10 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट

Update: 2026-01-07 04:51 GMT
Jharkhand झारखंड: कड़ाके की सर्दी ने उत्तर भारत को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। उत्तर भारत के अधिकांश क्षेत्रों में आने वाले दिनों में और कड़ाके की सर्दी पड़ने वाली है। झारखंड के लिए तो शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड के 10 जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया जिसके बाद मंगलवार को राज्य में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया।
जिन जिलों में 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है उनमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और चतरा शामिल है। इन जिलों में 7 जनवरी तक शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा। वहीं, पिछले 24 घंटों में सुबह 8.30 बजे तक गुमला में राज्य का सबसे कम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद खूंटी में 3.7 डिग्री और लोहरदगा में 3.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
पूरे झारखंड में दिन में भी कड़ाके की ठंड की वजह से लोगों का हाल बेहाल है क्योंकि दिन का अधिकतम पारा भी लुढ़का है। राज्य के सभी जिलों का अधिकतम तापमान 25 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड हुआ है। ऐसे में मौसम केंद्र, रांची ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया, "क्षोभमंडल के निचले स्तरों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की हवाओं के कारण तापमान में यह गिरावट आई है। अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि, इसके बाद यह 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ जाएगा।" राज्य की राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Tags:    

Similar News