Jharkhand Alert : राजधानी रांची समेत सभी जिलों में पिछले 24 घंटे से भारी बारिश हो रही है. भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. आज यानी 19 जून को रांची, लोहरदगा, सिमडेगा, खूंटी और गुमला समेत 5 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, पलामू और गढ़वा में बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने इन सभी इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है. मौसम विभाग के मुताबिक अभी बारिश रुकने वाली नहीं है|
अगले 4-5 दिनों तक मौसम का यही हाल रहने वाला है. कल 20 जून को स्थिति और भी खराब हो सकती है. कई इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है. मौसम विभाग ने 24 जून तक अलग-अलग हिस्सों में आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला कृषि कार्यालय ने किसानों से 21 जून तक कृषि कार्य से दूर रहने की अपील की है।
जिला कृषि पदाधिकारी रामशंकर प्रसाद ने बताया कि कुछ दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इससे खेती-किसानी में लगे किसानों को नुकसान हो सकता है। इस दौरान मौसम को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बरतें। मौसम केंद्र ने इस दौरान आंधी-तूफान की भी संभावना जताई है। जरूरी हो तो एक से अधिक किसान खेतों पर न जाएं। किसान खेतों पर जाते समय लकड़ी के डंडे के साथ छाते का प्रयोग करें। पशुपालक पशुओं को एक साथ न रखें। आंधी-तूफान के दौरान पेड़ों के नीचे न छुपें।